हरियाणा के सोनीपत में दर्दनाक हादसे में बीती रात सास-बहू की मौत हो गई। दोनों बर्तन बनाने की कंपनी में काम करती थी और छूट्‌टी होने के बाद अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर जा रही थी। रोड क्रॉस करते समय उनको कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती व महिला घायल हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया है, जहां आज पोस्टमॉर्टम होगा।

कुंडली क्षेत्र में प्याऊ मनियारी में रहने वाले रजनीश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के खिरी के सिसौरा निकमपुर, थाना मोहम्मदी तहसील मोहम्मदी का रहने वाला है। वह यहां कुंडली में बर्तन बनाने की कंपनी PNB में काम करता है। उसके साथ ही कंपनी में उसकी मां मुनीषा, पत्नी सविता व बहन सोनी भी उसके साथ ही काम करती है। सभी सोनीपत में करीब 6 महीने से हैं।

उसने बताया कि बुधवार शाम को कंपनी में डयूटी पूरी होने के बाद वह अपनी माता, पत्नी व बहन के साथ प्याऊ मनियारी स्थित कमरे में आने के लिए चला था। उनके साथ एक अन्य औरत शिल्पा भी थी। ये सभी महिलाएं उससे करीब 50 मीटर आगे चल रही थी। वे प्याऊ मनियारी के पास दिल्ली जीटी रोड (NH-44) को पार करने लगी तो पानीपत की तरफ आयी एक KIA कार ने चारों को टक्कर मार दी। चारों को इसमें गंभीर चोटें आयी।

मां और पत्नी की मौत, बहन और महिला घायल
रजनीश ने बताया कि वह हादसा होता देख दौड़ कर वहां पहुंचा तो उसकी मां, पत्नी, बहन व एक अन्य महिला घायलावस्था में रोड पर पड़ी थी। उसने वाहन का प्रबंध करके चारों घायल महिलाओं को दिल्ली के नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टरों ने रजनीश की माता मुनीषा (48) व पत्नी सविता (27) को मृत घोषित कर दिया। बहन सोनी (19) व दूसरी महिला शिल्पा का इलाज चल रहा है।

कुंडली थाना के ASI युद्धवीर सिंह ने बताया कि वह हादसे की सूचना के बाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचा और छानबीन की। बाद में वह नरेला अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों से रूक्का लिया। डॉक्टरों के अनुसार मुनीषा ओर उसकी बहु सविता अस्पताल में लाए जाने से पहले ही दम तोड़ चुकी थी। दो अन्य घायल हैं।

कुंडली थाना में पुलिस ने रजनीश के बयान पर KIA कार के ड्राइवर सुधीर जैन निवासी राजधानी ऐनक्लेव दिल्ली के खिलाफ धारा 279/337/304A IPC के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आज शवों के पोस्टमॉर्टम कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *